नई दिल्ली: एक लड़की को अश्लील तस्वीरें साझा करने के लिए कथित तौर पर मजबूर करने के बाद पीड़िता और उसके परिवार से जबरन धन वसूलने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जिसे पहले 2020 में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसे फरवरी 2021 में जमानत मिल गई थी। लेकिन अदालत में पेश नहीं होने पर मार्च 2024 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें :- नशे में धुत डंपर चालक ने मचाया कहर, 19 की मौत, कई घायल
कैसे बनाया शिकार ?
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बेटी को सोशल मीडिया पर उसके पूर्व ट्यूटर की हैक की गई आईडी से एक संदेश मिला। भेजने वाले ने झूठा दावा किया कि उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें ऑनलाइन उपलब्ध हैं और एक फिशिंग लिंक भेजा जिसमें उसके सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारी की आवश्यकता थी। लॉगिन करने पर आरोपी ने उसका अकाउंट हैक कर लिया और उसे डराकर और धोखा देकर खुद की अश्लील तस्वीरें साझा करने के लिए मजबूर किया।
ये भी पढ़ें :- पत्नी के सिर पर पत्थर से वार कर पहुंच गया थाना
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसने शिकायतकर्ता को छेड़छाड़ करके तैयार की गईं उसकी तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल भी किया था और पैसे नहीं देने पर उन्हें प्रसारित करने की धमकी भी दी थी। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को एक सुनियोजित अभियान के बाद उसे नोएडा की एक शराब की दुकान से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बार-बार साइबर अपराध करता है और उसे पहले भी मालवीय नगर में इसी तरह के एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि उसने आसानी से पैसा कमाने के लिए ऐसे अपराध करने की बात कबूल की। पुलिस ने कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी इसी तरह के कितने अपराध में शामिल था।