केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग की फुल बेंच के साथ रविवार रात को कोलकाता पहुंचेंगे। तीन दिवसीय इस दौरे के दौरान वे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न एजेंसियों के साथ कई अहम बैठकें करेंगे। इसके अलावा वे राज्य की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
दमदम एयरपोर्ट से सीधे वेस्टिन होटल जाएंगे
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार रात को कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे वेस्टिन होटल जाएंगे, जहां उनका ठहरने का कार्यक्रम है। उनके साथ चुनाव आयोग की फुल बेंच भी मौजूद रहेगी।
कालीघाट मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
सोमवार की सुबह ज्ञानेश कुमार कालीघाट मंदिर जाकर मां काली के दर्शन करेंगे। सुबह लगभग 7 से 7:30 बजे के बीच वे मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे पूरे दिन चुनाव तैयारियों को लेकर बैठकों में व्यस्त रहेंगे।
सोमवार सुबह से शुरू होंगी अहम बैठकें
सोमवार सुबह 10 बजे से मुख्य चुनाव आयुक्त की बैठकों का दौर शुरू होगा, जो मंगलवार शाम तक जारी रहेगा। इन बैठकों में राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और विभिन्न जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था का आकलन किया जाएगा।
डीईओ, एसपी और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
बैठक में राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), एसपी, पुलिस कमिश्नर, डीजी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा चुनाव से जुड़ी करीब 24 एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा होगी।
चीफ सेक्रेटरी और डीजी के साथ अलग बैठक
राज्य के प्रशासनिक ढांचे की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग से बैठक करेंगे। इसमें चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर खास चर्चा होने की संभावना है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात
अपने दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार राज्य की आठ मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। हर पार्टी को अपनी बात रखने के लिए 15-15 मिनट का समय दिया गया है। इस बैठक में राजनीतिक दल चुनाव से जुड़ी शिकायतें और सुझाव आयोग के सामने रख सकेंगे।
कोलकाता से भी हो सकती है चुनाव की घोषणा
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव की घोषणा करना चुनाव आयोग का अधिकार है। ऐसे में यह भी संभावना जताई जा रही है कि यदि आयोग को तैयारी संतोषजनक लगी तो ज्ञानेश कुमार कोलकाता से ही चुनाव की घोषणा भी कर सकते हैं, हालांकि यह पूरी तरह उनके निर्णय पर निर्भर करेगा।
मंगलवार को मीडिया से करेंगे बातचीत
तीन दिवसीय दौरे के दौरान सभी बैठकों और समीक्षा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त मंगलवार को मीडिया से भी बातचीत करेंगे। इस दौरान वे चुनाव तैयारियों और आयोग की आगामी रणनीति को लेकर जानकारी दे सकते हैं।