टॉप न्यूज़

नाइटक्लब में महिला से मारपीट, मैनेजर समेत सात गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की जांच

Krishna Das Parth

गुवाहाटी : असम के गुवाहाटी के खानापाड़ा इलाके में एक नाइटक्लब में महिला के साथ कथित मारपीट और उसके कपड़े आंशिक रूप से उतारे जाने के मामले में पुलिस ने नाइटक्लब के मैनेजर समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों की उम्र 21 से 30 वर्ष के बीच है। इनमें नाइटक्लब मैनेजर, इवेंट मैनेजर और एक अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात हुई घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दिसपुर थाने ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने क्लब से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज और घटना से संबंधित अन्य साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी में सामने आया घटनाक्रम

गुवाहाटी पूर्व के पुलिस उपायुक्त तबु राम पेगू ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 2.30 बजे नाइटक्लब के अंदर महिला के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की। इसके बाद उसके बाल और कपड़े खींचते हुए उसे बेसमेंट की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार फुटेज में महिला अर्द्धचेतन अवस्था में दिखाई देती है। डीसीपी ने कहा कि घटना में शामिल कई लोग क्लब से जुड़े या उसके कर्मचारी थे। पुलिस अब प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

निर्धारित समय के बाद क्लब खुला था

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नाइटक्लब ‘द लोकल्स’ निर्धारित बंद होने के समय रात 12.30 बजे के बाद भी कैसे संचालित हो रहा था। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या इस संबंध में किसी नियम या लाइसेंस की शर्त का उल्लंघन हुआ।

महिला बाउंसर पर बोतल से हमला करने का दावा

क्लब की इमारत में काम करने वाले एक सुरक्षा गार्ड ने दावा किया कि महिला ने क्लब के भीतर एक महिला बाउंसर पर बीयर की बोतल से हमला किया था। उसके अनुसार, इससे वहां मौजूद अन्य बाउंसर नाराज हो गए और वे महिला को नीचे ले गए, जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस इस दावे और घटना के पूरे क्रम की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए कथित वीडियो में महिला पार्किंग क्षेत्र में फर्श पर गिरी दिखाई देती है और कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आते हैं। बाद में एक अन्य महिला उसे बचाने के लिए आती दिखाई देती है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका तथा अन्य संभावित उल्लंघनों की भी पड़ताल की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT