कोच्चि : केरल हाई कोर्ट ने कहा है कि गुरुवायुर मंदिर के कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सम्मान और शालीनता से पेश आना चाहिए तथा हर परिस्थिति में संयम बनाए रखना चाहिए। अदालत ने साथ ही कहा कि मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करते समय श्रद्धालुओं की भावनाओं और दर्शन के लिए कतारों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने की जरूरत के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
न्यायमूर्ति देवन रामचंद्रन और न्यायमूर्ति बसंत बालाजी के पीठ ने मंदिर कर्मचारियों पर श्रद्धालुओं के उत्पीड़न, भेदभाव, दुर्व्यवहार और धमकी देने के आरोपों से जुड़ी शिकायतों पर स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की गई दो कार्यवाहियों का निपटारा करते हुए यह टिप्पणी की। अदालत ने 13 नवंबर के अपने फैसले में कहा, ‘‘मंदिर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के साथ पूरी शालीनता से पेश आया जाना चाहिए एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।’’ पीठ ने कहा कि मंदिर के सभी स्तर के कर्मचारियों को अत्यधिक धैर्य और संयम के साथ काम करना चाहिए। उन्हें श्रद्धालुओं पर अपना आपा नहीं खोना चाहिए और न ही गुस्सा दिखाना चाहिए। हालांकि, अदालत ने यह भी माना कि गुरुवायुर जैसे प्रसिद्ध मंदिर में भीड़ प्रबंधन आसान नहीं है। यहां प्रत्येक श्रद्धालु भगवान का अधिक से अधिक वक्त तक दर्शन करना चाहता है, जबकि सैकड़ों अन्य लोग दर्शन के लिए कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे होते हैं। पीठ ने कहा, ‘ऐसी स्थिति में दोनों पक्षों के हितों के बीच उचित संतुलन बनाना जरूरी है। कारण कुछ भी हो पर मंदिर के किसी भी कर्मचारी की ओर से झगड़ा करने या दुर्व्यवहार करने को स्वीकार नहीं किया जा सकता।’
हाई कोर्ट श्रद्धालुओं के उत्पीड़न से जुड़ी दो शिकायतों पर सुनवाई कर रहा था, जिनमें शिकायतकर्ताओं के साथ हुई कुछ विशेष घटनाओं का भी उल्लेख किया गया था। पीठ ने कहा कि अधिकांश आरोप सामान्य प्रकृति के थे, हालांकि कुछ विशिष्ट घटनाएं भी सामने रखी गईं। सुनवाई के दौरान गुरुवायुर देवस्वोम बोर्ड के स्थायी अधिवक्ता ने अदालत को भरोसा दिलाया कि बोर्ड उसके सभी निर्देशों और टिप्पणियों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करेगा। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि पूर्व में कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं, जब श्रद्धालुओं ने मंदिर कर्मचारियों को उकसाया था। ऐसी ही एक घटना में चाकू से हमला भी हुआ था। अदालत ने कहा कि शालीनता और संयम बनाए रखना दोनों पक्षों की जिम्मेदारी है। उसने आगाह किया कि तनावपूर्ण परिस्थितियों को सही तरीके से नहीं संभालने पर विवाद गंभीर रूप ले सकता है और इससे मंदिर के पवित्र एवं शांतिपूर्ण वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पीठ ने कहा कि देवस्वोम बोर्ड के अधिवक्ता ने अदालत की टिप्पणियों को पूरी तरह लागू करने का आश्वासन दिया है। इसलिए इस मामले में अब किसी अतिरिक्त निर्देश की आवश्यकता नहीं है। इसी के हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की गई दोनों कार्यवाहियों का निपटारा कर दिया।