सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर की करीब 400 से अधिक हेरिटेज इमारतों, जिन्हें कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने पहले ही ब्लू प्लैक प्रदान किया है, में अब जल्द ही क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इन क्यूआर कोड को स्कैन करने पर किसी भी व्यक्ति को उस हेरिटेज इमारत क पूरे इतिहास के साथ ही यह जानकारी भी मिल सकेगी कि केएमसी ने उसे हेरिटेज का दर्जा क्यों दिया। केएमसी के हेरिटेज विभाग के मेयर परिषद सदस्य स्वपन समाद्दार ने बताया कि इस परियोजना पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महानगर में कुल 1,392 हेरिटेज इमारतें हैं। इनमें 717 ग्रेड-वन हेरिटेज इमारतें, 216 ग्रेड-टू ‘ए’ इमारतें और 219 ग्रेड-टू ‘बी’ इमारतें हैं, जबकि करीब 35 इमारतों का ग्रेड अभी तय नहीं किया गया है। स्वपन समाद्दार ने कहा कि पहले से ही 400 इमारतों को ब्लू प्लैक प्रदान किया जा चुका है और अब इन्हीं इमारतों में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।
विधाननगर से गरिया तक बनेंगे 9 पे एंड यूज टॉयलेट
कोलकाता नगर निगम विधाननगर रेलवे स्टेशन से लेकर गरिया क्षेत्र तक कुल 9 पे एंड यूज टॉयलेट का निर्माण करेगा। स्वपन समाद्दार ने बताया कि इस इलाके का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और परियोजना की लागत 1 करोड़ रुपये से अधिक होगी। शुक्रवार को केएमसी के मासिक अधिवेशन के दौरान पार्षद अरिजीत दास ठकुर ने ईएम बाईपास कनेक्टर के अभिषाक्ता मोड़ से सापुईपाड़ा मोड़ तक एक भी पे एंड यूज टॉयलेट नहीं होने का मुद्दा उठाया था। इस पर स्वपन समाद्दार ने कहा कि जगह की कमी के कारण वहां अब तक शौचालय का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही उपयुक्त जगह उपलब्ध होगी, वार्ड 106 में शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
30 से अधिक बेबी डे केयर रूम बनाने की योजना
स्वपन समाद्दार ने यह भी बताया कि आगामी महीनों में 30 से अधिक बेबी डे केयर रूम बनाने की योजना पर काम चल रहा है। फिलहाल महानगर में 11 बेबी डे केयर रूम पहले से ही स्थापित किए जा चुके हैं। इन डे केयर रूम में ब्रेस्टफीडिंग रूम, वॉशरूम और महिलाओं के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।