सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल के वाणिज्य और उद्योग मंत्री तापस राय ने शुक्रवार को फिर कहा कि राज्य सरकार के औद्योगिक इंसेंटिव (प्रोत्साहन) रोजगार पैदा करने से जुड़े होंगे न कि निवेश की मात्रा से। मंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि हम उद्योगों को नौकरियां पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे युवाओं को राज्य में नौकरियां मिल सकें। उन्होंने कहा कि हम निवेश लाना चाहते हैं और साथ ही 'ब्रेन ड्रेन' (प्रतिभाओं के पलायन) के ट्रेंड को भी बदलना चाहते हैं। यह बताते हुए कि पिछली तृणमूल सरकार के दौरान 6,688 व्यवसाय राज्य छोड़कर चले गए थे, मंत्री ने कहा कि उग्र ट्रेड यूनियनवाद और प्रशासन का असहयोग इसके मुख्य कारण थे। मंत्री ने कहा कि मुझे पिछली सरकार से कुछ भी विरासत में नहीं मिला, न कोई औद्योगिक नीति, न भूमि नीति, न भूमि बैंक, न 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और न ही कोई अनुकूल माहौल। उन्होंने इंसेंटिव भी वापस ले लिए थे। उद्योगों के लिए दी गई जमीन का इस्तेमाल नहीं हुआ। मैं खुद को एक स्टार्टअप मंत्री मानता हूं। राज्य के विकास में उद्योगों को सरकार का साझेदार बताते हुए मंत्री ने निवेशकों से आगे आने और बंगाल में निवेश करने का आग्रह किया।