नयी दिल्ली/वॉशिंगटन : अमेरिका ने लॉरेंस विश्वोई के सहयोगी गोल्डी बराड़ को टॉप-10 मोस्ट वांटेड की लिस्ट में शामिल किया है। इसके अलावा गोल्डी बराड़ पर 1 मिलियन डॉलर का इनाम भी घोषित किया है। गोल्डी बराड़ पर आरोप है कि वो उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक गिरोह को चलाता है। उस पर अमेरिका और कनाडा में हत्याओं, अपहरण, ड्रग तस्करी और अन्य अपराधों का आरोप है।
FBI ने जुलाई में किया था फेडरल वारंट जारी
अमेरिका के घरेलू खुफिया व सुरक्षा संगठन फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गत 1 जुलाई को लॉस एंजिल्स में गोल्डी (32) के खिलाफ एक फेडरल वारंट जारी किया गया था। वारंट में उस पर RICO साजिश, जबरन वसूली और ड्रग्स बांटने के आरोप लगाये गये थे। FBI ने कहा कि उसके तार कैलिफोर्निया, कनाडा, भारत और मैक्सिको से जुड़े हैं। कनाडा की पुलिस भी उसे 2023 की एक हत्या के मामले में एक प्रमुख भगोड़ा मानती है। कनाडा पुलिस ने उस पर 250,000 कनाडाई डॉलर का इनाम रखा है।
OCG का उत्तरी अमेरिकी प्रमुख है गोल्डी
FBI ने गोल्डी की पहचान लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह (OCG) के कथित उत्तरी अमेरिकी प्रमुख के रूप में की है। उस पर अमेरिका और कनाडा में हिंसक गतिविधियों का संचालन करने का आरोप लगाया गया है। इससे पहसे सितंबर महीने में लॉस एंजिल्स में जारी एक संघीय गिरफ्तारी वारंट के बाद उस् पर ‘रैकेटीयर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस’ (RICO) साजिश, जबरन वसूली के जरिये व्यापार में बाधा डालने और प्रतिबंधित पदार्थों के वितरण की साजिश रचने के आरोप हैं। गोल्डी भारत में भी दर्ज दर्जनों मामलों में वांटेड है। उसके खिलाफ इंटरपोल की ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी है। उसे 2024 में भारत ने ‘गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम’(UAPA) के तहत एक आतंकी घोषित किया गया था।
गोल्डी बराड़ कौन है?
गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। वह मूल रूप से पंजाब का रहने वाला कुख्यात गैंगस्टर और मोस्ट वांटेड भगोड़ा है। वह उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई का गैंग चलाता है और कनाडा में इसका काफी प्रभाव है। चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह छात्र राजनीति के माध्यम से लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया और उसका करीबी सहयोगी बन गया। वह 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा चला गया और वहीं से अपने गिरोह की आपराधिक गतिविधियों का संचालन करने लगा। उसने मई 2022 में पंजाब के प्रसिद्ध गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी।