अंतरराष्ट्रीय बाजार में औंधे मुंह गिरा सोना! 
टॉप न्यूज़

सोने में 12 साल की सबसे बड़ी गिरावट

एक ही दिन में 297 डॉलर प्रति औंस टूटा सोने का भाव!

- यह अप्रैल, 2013 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट

- चांदी में भी भारी गिरावट, 6% टूटी कीमत

विशेष संवाददाता

कोलकाता : वही हुआ जिसका डर था। धरतेरस तक जो सोना आसमान छू रहा था, दिवाली के दिन वह औंधे मुंह गिरा। गिरावट भी ऐसी, जैसी पिछले 12 साल में यानी अप्रैल 2013 के बाद नहीं देखी गई थी। गोल्ड स्पॉट की कीमत प्रति औंस 297 डॉलर टूट गई और 4373 डॉलर से 4082 डॉलर पर आ गई। औंस में 31.1 ग्राम होता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने का भाव डॉलर प्रति औंस में ही तय होता है।

भारत में बढ़ेगी खरीदारी?

8400 रुपये प्रति 10 ग्राम लुढ़का

भारतीय मुद्रा में बात करें तो सोने में प्रति औंस 26000 रुपये की गिरावट आई यानी यह प्रति 10 ग्राम 8412 रुपये सस्ता हो गया। धनतेरस पर सोने के दाम 1 लाख 33 हजार रुपये तक पहुंच गए थे।

ये रहे कारण

- सोने की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई थी। बहुत से निवेशक मुनाफावसूली कर रहे हैं।

- अमेरिका और चीन में ट्रेड डील की उम्मीद, इससे तनाव घटने की संभावना

- डॉलर की कीमतों में आई मजबूती, बाकी देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हुआ

- भारत में त्योहारी खरीदारी खत्म होने के कारण मांग में कमी आई

- अमेरिकी सरकार का शटडाउन जल्द खत्म होने के संकेत है। यह फैक्टर भी सोने के खिलाफ गया है।

चांदी ने भी रुलाया

धनतेरस पर रिकॉर्ड बिक्री के बाद चांदी के दाम भी लुढ़क गए हैं। मंगलवार को चांदी का अंतरराष्ट्रीय भाव 8 प्रतिशत तक टूट गया। सिल्वर फ्यूचर्स की कीमत 51.5 डॉलर प्रति औंस से 47.15 डॉलर पर आ गई। पिछले एक साल में 80 प्रतिशत तक जा चढ़ी चांदी की कीमतों में गिरावट की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी।

SCROLL FOR NEXT