निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के जगतबल्लभपुर थाना अंतर्गत पांतिहाल इलाके में शुक्रवार की देर रात एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाकर गोली चलाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घायल व्यवसायी की पहचान पांतिहाल हाटतला निवासी पल्लव साहा के रूप में हुई है, जिनकी बड़गाछिया में सोने की दुकान है। मिली जानकारी के अनुसार, पल्लव साहा रात में अपनी दुकान बंद कर अपनी बेटी, भाई और पिता के साथ घर लौट रहा था। पल्लव और उसकी बेटी एक बाइक पर थे, जबकि उसका भाई दूसरी बाइक पर और पिता साइकिल से साथ चल रहे थे। पांतिहाल मोड़ के पास पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने व्यवसायी को रोककर लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी, जो पल्लव के पैर में लगी तो वह गिर पड़ा इसका फायदा उठाकर अभियुक्त आभूषणों का बैग लूट ले गये। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र होने लगे।
एक बाइक पर सवार हुए चार बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात
लोगों को आते देख बदमाश अपनी एक बाइक वहीं छोड़कर दूसरी बाइक पर चारों सवार होकर भागने लगे। भागते समय बाइक के सबसे पीछे बैठा चौथा बदमाश असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई। सड़क पर गिरने के बाद वह बदमाश उठकर पेट्रोल पंप की बाउंड्री वॉल लांघकर अंधेरे में गायब हो गया। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तुरंत जगतवल्लभपुर के गोआलपोता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले पांचला इलाके में भी एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाकर लूट की कोशिश की गई थी। हालांकि उस घटना में गोली व्यवसायी को नहीं लगी थी, लेकिन इस बार जगतबल्लभपुर में गोली लगने से व्यवसायी घायल हो गया। कुछ ही महीनों के भीतर स्वर्ण कारोबारियों पर इस तरह की दूसरी घटना को लेकर वे डर में हैं। व्यवसायियों ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।