इंदौरः स्थानीय सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम एवं चांदी के भाव में 17,000 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई। राजधानी दिल्ली में भी सोने-चांदी की कीमतें मंगलवार को एक बार फिर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।
मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान सोना 1.59 लाख के पार चला गया है, जबकि चांदी 3.51 लाख/किलो के करीब पहुंच गई है। सोने में करीब 2.4% की तेजी देखी गई और इस तेजी के साथ भाव 1,59,820 रुपये/10 ग्राम के लेवल पर पहुंच गया, जो सबसे अधिक है। हालांकि बाद में निवेशकों की मुनाफा वसूली के चलते कीमतें थोड़ी गिर गईं। चांदी ने भी अपना पिछला सारा रिकॉर्ड तोड़ दिया। चांदी का भाव 3,59,800 रुपये/किलो पर पहुंच गया, ये भी अब तक की सबसे अधिक कीमत है।
अमेरिकी डॉलर की लगातार कमजोरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतें नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। सोना और चांदी अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। दुनिया में बढ़ते तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोना-चांदी की ओर बढ़ रहे हैं।
अमेरिका में अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव करीब 1 प्रतिशत बढ़कर 5,113.70 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर पहुंच गए। इस दौरान डॉलर इंडेक्स 0.1 प्रतिशत कमजोर हुआ, जिससे विदेशी निवेशकों के लिए सोना सस्ता हो गया। वहीं कॉमेक्स चांदी 99 डॉलर के स्तर को पार कर गई है और नए रिकॉर्ड बना रही है।