हावड़ा में चर्चा का विषय बनी यह मिठाई दुकान  
टॉप न्यूज़

हावड़ा में 'एंड सन्स' नहीं, 'एंड डॉटर' की मिठाई दुकान

कला, शिक्षा के मंच से मिठाई के स्वाद तक का अनोखा सफर रहा है सुतपा का

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नेताजी सुभाष रोड पर स्थित एक मिठाई की दुकान इन दिनों अपनी खास पहचान के कारण चर्चा में है। वर्ष 2018 में शुरू हुई इस दुकान की नींव दूरदर्शन की पूर्व एंकर डॉ. सुतपा घोषाल ने रखी थी। नाटक विषय में पीएचडी करने और जादवपुर विश्वविद्यालय से फूड प्रोसेसिंग का अध्ययन करने के बाद उन्होंने अपनी संस्कृति और स्वाइप को सहेजने के लिए मिठाई के व्यवसाय में कदम रखा। डॉ. घोषाल का मानना है कि मिठाई केवल स्वाद नहीं, बल्कि बंगाल की परंपरा और भावनाओं का अटूट हिस्सा है, जहां गुणवत्ता और स्वच्छता ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

बेटी को उत्तराधिकारी बनाने का लिया संकल्प

व्यावसायिक जगत में दशकों से संस्थाओं के नाम के आगे 'एंड सन्स' लिखने की पुरानी परिपाटी चली आ रही है। इस परंपरा को तोड़ते हुए डॉ. सुतपा ने अपनी दुकान का नाम 'घोषाल एंड डॉटर' रखा। उनका मानना है कि समाज में बेटा और बेटी समान अधिकारों के हकदार हैं और एक बेटी भी पारिवारिक व्यवसाय की जिम्मेदारी पूरी दक्षता के साथ संभाल सकती है। अपनी इकलौती बेटी को समर्पित इस व्यवसाय के जरिए वे भविष्य में उसकी पूरी कमान बेटी को सौंपना चाहती हैं। यह पहल न केवल लैंगिक समानता का सशक्त संदेश देती है, बल्कि भविष्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और जन-विश्वास जीतने का एक बड़ा संकल्प भी है।

SCROLL FOR NEXT