इरान में फंसे प​रिवारवालों की चिंता में डूबी महिला  REP
टॉप न्यूज़

ईरान में फंसा बशीरहाट का गाज़ी परिवार, 48 घंटे से संपर्क टूटा

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट स्थित मैदानपाड़ा इलाके का गाज़ी परिवार इन दिनों गहरी चिंता और अनिश्चितता के बीच दिन गुजार रहा है। परिवार के सदस्य आमिर हुसैन गाज़ी, जो आठ वर्ष पहले पढ़ाई के उद्देश्य से ईरान गए थे, पिछले 48 घंटों से अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, आमिर हुसैन गाज़ी वर्तमान में अपनी पत्नी ऊषा परवीन, दो पुत्रों और एक पुत्री के साथ ईरान में रह रहे हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वहां शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और परिवार सहित स्थायी रूप से वहीं निवास कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, दो दिन पहले आमिर की अपनी वृद्ध मां से अंतिम बार फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि वहां की स्थिति बेहद चिंताजनक होती जा रही है। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और किसी भी माध्यम से संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है। परिजनों का दावा है कि ईरान में इंटरनेट सेवाएं बंद होने के कारण किसी प्रकार की जानकारी मिलना संभव नहीं हो पा रहा है।

परिजनों में बढ़ी चिंता

लगातार संपर्क न होने से परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ती जा रही है और वे प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। इस बीच अंतरराष्ट्रीय समाचार माध्यमों में ईरान की मौजूदा स्थिति को लेकर कई चौंकाने वाली खबरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के साथ कई देश इस संघर्ष की चपेट में आ सकते हैं। मिसाइल हमलों की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि आधिकारिक स्तर पर सभी सूचनाओं की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेतृत्व को लेकर भी विभिन्न अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन इन खबरों की सत्यता स्पष्ट नहीं है। इधर बशीरहाट में गाज़ी परिवार के रिश्तेदार और स्थानीय लोग लगातार सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। परिजनों की मांग है कि केंद्र और राज्य सरकार इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द परिवार की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराए और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करे।

SCROLL FOR NEXT