महंगाई के बीच बनी रहेगी 7% विकास दर 
टॉप न्यूज़

चालू वित्त वर्ष में 7% बनी रहेगी देश की आर्थिक वृद्धि दर

भारत 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा : S&P

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : देश की अर्थव्यवस्था चालू और अगले वित्त वर्ष में सात प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। इसके साथ ही भारत 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा।

चालू वर्ष में ऊर्जा की ऊंची कीमतें सबसे बड़ी चुनौती

‘S&P ग्लोबल रेटिंग्स’ ने सोमवार को यह अनुमान जताते हुए कहा कि अल नीनो के कारण एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं, विशेषकर भारत में खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की एक और बढ़ोतरी कर सकता है। S&P की एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य पर जारी रिपोर्ट के अनुसार ऊर्जा की ऊंची कीमतें क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी रहेंगी, जबकि कृत्रिम मेधा (AI) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बढ़ता निवेश सबसे बड़ा सकारात्मक कारक होगा। S&P ने उम्मीद जतायी कि वियतनाम और भारत 2027 में इस क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाएं होंगी।

आर्थिक वृद्धि को मजबूत निर्यात, घरेलू खपत से समर्थन मिला

रेटिंग एजेंसी ने चालू और अगले वित्त वर्ष में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। S&P के अनुसार अप्रैल-जून और जुलाई- सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि को वस्तुओं के मजबूत निर्यात, सार्वजनिक क्षेत्र के निवेश और घरेलू खपत से समर्थन मिला। घरेलू खपत में तेजी की प्रमुख वजह कर्ज की मजबूत वृद्धि रही। भारत 30 नवंबर को जुलाई-सितंबर तिमाही के GDP वृद्धि के आधिकारिक आंकड़े जारी करेगा। इससे पहले RBI ने पिछले महीने सितंबर तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था। जबकि वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा में इसके 7.35 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गयी थी।

दूसरी छमाही में महंगाई का परिदृश्य कम अनुकूल

S&P का हालांकि मानना है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आर्थिक वृद्धि और महंगाई का परिदृश्य कम अनुकूल हो सकता है। बढ़ती लागत का बोझ धीरे-धीरे उपभोक्ताओं पर डाला जायेगा। एजेंसी के अनुसार पहले आयी बाधाओं का असर अब भी बना हुआ है और इसके साथ नयी चुनौतियां भी जुड़ेंगी। इनमें सबसे प्रमुख है मानसून का असमान वितरण है। इसका मौजूदा कृषि उत्पादन और आगामी रबी फसल पर भी असर पड़ सकता है। एजेंसी ने मार्च में समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई औसतन 5.3 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है।

SCROLL FOR NEXT