नई दिल्ली - मुंबई में गिलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस वायरस) के कारण पहली मौत की खबर आई है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बुधवार को हुई। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के आयुक्त ने भी पुष्टि की कि नायर अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद 53 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। मृतक वडाला क्षेत्र का निवासी था और एक अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत था। 15 दिन पहले वह पुणे गया था, जहां जीबीएस का संक्रमण फैल रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति को 23 जनवरी को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कई दिनों तक गंभीर हालत में रहे और आज सुबह उनकी मृत्यु हो गई।
क्या है GBS ?
गिलियन-बैरे सिंड्रोम (GBS) एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जो तब उत्पन्न होती है जब शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) गलती से परिधीय तंत्रिका तंत्र (Nervous System) को नुकसान पहुंचाती है। इसके परिणामस्वरूप तंत्रिकाओं में सूजन होती है, जो मांसपेशियों की कमजोरी, पक्षाघात और अन्य संबंधित लक्षणों का कारण बन सकती है। आपको बता दें कि केंद्रीय तंत्रिका तंत्र में मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी शामिल होती हैं।