इस विधानसभा चुनाव में गौरव गोगोई का राजनीतिक करियर दांव पर लगा है ( फाइल फोटो ) 
टॉप न्यूज़

गौरव गोगोई की संपत्ति का खुलासा, जानें कितने करोड़ के मालिक

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ क्लेयर गोगोई की संपत्ति की जानकारी गोगोई द्वारा नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे में दी गई है।

गुवाहाटीः कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ क्लेयर गोगोई की संपत्ति वर्ष 2026 में बढ़कर 7.57 करोड़ रुपये हो गई, जबकि वर्ष 2024 में यह 4.66 करोड़ रुपये थी। यह जानकारी गोगोई द्वारा नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे से मिली। इसके मुताबिक, इस संपत्ति में उनकी पत्नी का हिस्सा अधिक है।

गोगोई की चल संपत्ति पिछले संसदीय चुनाव के दौरान 38.30 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 72.59 लाख रुपये हो गई है, जबकि अचल संपत्ति में मामूली वृद्धि हुई और यह 2.25 करोड़ रुपये से बढ़कर 2.49 करोड़ रुपये हो गई है। उनकी पत्नी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है, लेकिन उनकी चल संपत्ति पहले के 2.03 करोड़ रुपये से बढ़कर 4.36 करोड़ रुपये हो गई है।जोरहाट से 43 वर्षीय लोकसभा सदस्य पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

हलफनामे के अनुसार, गोगोई के पास 54,700 रुपये नकद और 30.14 लाख रुपये बैंक में जमा हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 27,180 रुपये नकद और लगभग 1.50 करोड़ रुपये बैंक खातों में हैं, जिनमें ब्रिटेन के एक बैंक में जमा राशि भी शामिल है।

गोगोई के खिलाफ गुवाहाटी के बशिष्ठ पुलिस थाने में एक मामला लंबित है, जिसमें उन पर 23 जनवरी, 2024 को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान एक लोक सेवक के कानूनी आदेश की अवहेलना करने, अनुमति से जुड़े आदेशों का उल्लंघन करने, सरकारी कर्मचारियों को उनके कानूनी कर्तव्यों का निर्वहन करने में बाधा डालने और उन पर (सरकारी कर्मचारियों पर) हमला करने का आरोप है।

बॉन्ड, शेयर और म्यूचुअल फंड में उनका निवेश 11.47 लाख रुपये का है, जबकि उनकी पत्नी का निवेश 47.12 लाख रुपये का है। उनके पास डाक और बीमा से जुड़ी योजनाओं के तहत 32.68 लाख रुपये हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास इस मद में 1.04 करोड़ रुपये हैं। गोगोई की पत्नी के पास कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) में 57,25,479 रुपये और ब्रिटेन की पेंशन योजना में 13,24,453 रुपये की बचत है। उनके पास कोई आभूषण नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास 46,12,485 रुपये मूल्य का 331 ग्राम सोना, 11,36,720 रुपये मूल्य की चांदी और 3,65,000 रुपये मूल्य का हीरा है।

गोगोई के पास 17 लाख रुपये से अधिक मूल्य के दो वाहन हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 2.71 लाख रुपये मूल्य की एक कार है। अचल संपत्ति की बात करें, तो सांसद और उनकी पत्नी दोनों के पास कोई कृषि भूमि नहीं है। गैर-कृषि श्रेणी में गोगोई गुवाहाटी की दो संपत्तियों में एक तिहाई हिस्सेदारी रखते हैं, जिनमें से एक में तीन मंजिला आवासीय भवन है, और उनकी हिस्सेदारी का मूल्य 95 लाख रुपये है। उनके पास दिल्ली के वसंत कुंज क्षेत्र में 1.54 करोड़ रुपये मूल्य का एक पैतृक आवासीय फ्लैट है।

गोगोई ने अपनी आय का स्रोत सांसद के रूप में प्राप्त वेतन घोषित किया है, जबकि उनकी पत्नी ‘ऑक्सफोर्ड पॉलिसी मैनेजमेंट इंडिया लिमिटेड’ में वरिष्ठ सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं।उनके नाबालिग बच्चों—बेटे कबीर गोगोई और बेटी माया गोगोई—की सावधि जमा (एफडी) और बचत बैंक खातों से क्रमशः ₹25,79,657 और ₹3,109 की आय है। गोगोई इंजीनियरिंग में स्नातक हैं और उन्होंने न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है।

SCROLL FOR NEXT