निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के जेबीपुर अंतर्गत मुंशीरहाट स्थित एक रसोई गैस कार्यालय में मंगलवार को ग्राहकों ने जमकर बवाल काटा। केवाईसी (KYC) और खाता अपडेट कराने पहुंचे ग्राहकों ने आरोप लगाया कि कार्यालय कर्मचारियों द्वारा उन पर करीब एक हजार रुपये का गैस से जुड़ा उत्पाद (सामान) खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इस बात से नाराज होकर ग्राहकों ने गैस कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और हावड़ा-आमता रोड को जाम कर दिया। सड़क पर पथावरोध के कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।
दूसरी ओर, गैस कार्यालय प्रबंधन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कर्मचारियों का कहना है कि किसी भी ग्राहक को कोई उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा रहा है और कोई भी सामान खरीदना पूरी तरह से ग्राहक की स्वेच्छा पर निर्भर है।