बेंगलुरू : भारतीय जनता पार्टी के विधायक मुनिरत्न और उनके साथियों के खिलाफ 40 वर्षीय एक महिला की ओर से दी गयी शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। शिकायत में महिला ने सामूहिक बलात्कार, उस पर पेशाब करने और घातक वायरस का इंजेक्शन लगाने के आरोप लगाये हैं।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर यह प्राथमिकी मंगलवार को आरएमसी यार्ड थाने में दर्ज की गयी। खुद के भाजपा कार्यकर्ता होने का दावा करने वाली महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि घटना 11 जून, 2023 को मथिकेरे में विधायक के कार्यालय में हुई। शिकायती ने आरोप लगाया कि मुनिरत्न के साथी उसे कार में विधायक के कार्यालय ले गये।
घटना में शामिल विधायक के तीन साथियों के नाम प्राथमिकी में दर्ज किये गये हैं जबकि चौथा अभियुक्त अज्ञात है। महिला ने आरोप लगाया कि कार्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर उसके कपड़े उतार दिये और जब उसने ऐसा नहीं करने की गुहार लगायी व रोकने की कोशिश तो बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। प्राथमिकी में कहा गया है कि इसके बाद मुनिरत्न ने कथित तौर पर दोनों व्यक्तियों को महिला से बलात्कार करने को कहा।
महिला ने आरोप लगाया कि विधायक ने उसके चेहरे पर पेशाब भी किया और घटना के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर कमरे में घुस आया और विधायक को एक सफेद डिब्बा दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसने डिब्बे से एक सिरिंज निकाली और इंजेक्शन लगा दिया। प्राथमिकी के अनुसार विधायक ने कथित तौर पर महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसके परिवार को नहीं छोड़ेगा और उन्हें बर्बाद कर देगा।