टॉप न्यूज़

दिल्ली में बस के अंदर गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

रानी बाग इलाके में वारदात, फैक्ट्री से लौट रही महिला को बस में खींचकर किया अपराध

नई दिल्ली : राजधानी में महिला सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक खड़ी स्लीपर बस के अंदर महिला के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात की है। पीड़िता, जो पीतमपुरा इलाके की रहने वाली है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है, रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रही थी।

बताया जा रहा है कि सरस्वती विहार बस स्टॉप के पास एक बस रुकी, जहां पीड़िता ने समय पूछने के लिए दरवाजे पर खड़े व्यक्ति से बात की। इसी दौरान उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया गया। इसके बाद आरोपी बस को नांगलोई की ओर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल बस को जब्त कर लिया गया है और पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। मनीष सिसोदिया ने इसे “एक और निर्भया जैसा मामला” बताते हुए कहा कि राजधानी में महिलाएं कहीं सुरक्षित नहीं हैं। वहीं, सौरभ भारद्वाज ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया।

SCROLL FOR NEXT