टॉप न्यूज़

अवैध आधार बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश

सीताबाड़ी न्यू चैतन्य इलाके में माटीगाड़ा पुलिस की कार्रवाई, दो ग्राहक समेत मकान मालकिन गिरफ्तार; एक आरोपित फरार

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : सीताबाड़ी न्यू चैतन्य इलाके में अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का माटीगाड़ा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ग्राहकों समेत मकान मालकिन को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह का एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीताबाड़ी न्यू चैतन्य इलाके के एक मकान में अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने का काम चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर माटीगाड़ा थाना पुलिस ने मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें मकान मालकिन और आधार कार्ड बनवाने पहुंचे दो ग्राहक शामिल हैं। वहीं, एक अन्य आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मकान में किस तरह और किन दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड तैयार किए जा रहे थे। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हैं और अब तक कितने लोगों के लिए अवैध तरीके से आधार तैयार किया गया है।

पहले भी सामने आ चुका है मामला

गौरतलब है कि सिलीगुड़ी में फर्जी अथवा अवैध तरीके से आधार कार्ड तैयार करने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। मई 2025 में सिलीगुड़ी पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने एक फर्जी आधार कार्ड केंद्र का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान कई आधार कार्ड और तस्वीरें बरामद होने की बात सामने आई थी।

ऐसे में सीताबाड़ी न्यू चैतन्य में सामने आया ताजा मामला पुलिस के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही फरार आरोपित की तलाश जारी है।

SCROLL FOR NEXT