सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

ईंधन की कीमतों में भारी उछाल: बस भाड़ा बढ़ने की प्रबल आशंका !

9 सालों से निजी बसों का किराया नहीं बढ़ाया गया है

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शुक्रवार सुबह पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में हुई एकसाथ भारी बढ़ोतरी के बाद अब पश्चिम बंगाल में निजी बस किराया (बस भाड़ा) बढ़ने की गंभीर आशंका पैदा हो गई है। राज्य के बस संगठनों ने साफ संकेत दिया है कि ईंधन के मौजूदा दामों के साथ पुरानी दरों पर बसें चलाना अब उनके लिए मुमकिन नहीं रह गया है। 'जॉइंट काउंसिल ऑफ बस सिंडिकेट' के अध्यक्ष तपन बनर्जी ने इस मूल्यवृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में पिछले लगभग 9 सालों से निजी बसों का किराया नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि आखिरी बार बसों का किराया साल 2018 में बढ़ा था। ऐसे में डीजल की कीमत में सीधे 3 रुपये 11 पैसे प्रति लीटर की भारी वृद्धि का निजी बस मालिकों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा।

बस सिंडिकेट ने महंगाई पर जतायी है गहरी चिंता

तपन बनर्जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "डीजल के दामों में इस तरह बढ़ोतरी के बाद हम इस पुरानी दर पर और बसें नहीं चला पाएंगे।" बस सिंडिकेट के इस कड़े रुख से यह साफ है कि आम जनता को जल्द ही महंगे सफर का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि ईंधन के बढ़े दामों का सीधा बोझ अब बस किराए में बढ़ोतरी के रूप में आम यात्रियों पर डालने की तैयारी की जा रही है। यहां बता दें कि देश के आम नागरिकों और मध्यम वर्ग के लोगों को शुक्रवार सुबह महंगाई का एक बड़ा झटका लगा है। ईंधन की कीमतों में एकसाथ हुई इस भारी बढ़ोतरी ने आम जनता की जेब पर सीधा असर डाला है। पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उछाल आया और उसके तुरंत बाद सीएनजी के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। इस चौतरफा मार से अब माल ढुलाई और दैनिक यात्रा महंगी होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे सीधे तौर पर रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम बढ़ सकते हैं, जिसमें बसों को किराया भी शामिल हो सकता है।

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के नए दाम

इस संशोधन के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल 3.29 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 108.74 रुपये और डीजल 3.11 रुपये बढ़कर 95.13 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, सीएनजी की बात करें तो दिल्ली में इसकी कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 79.09 रुपये हो गई है, जबकि कोलकाता में यह 3 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 94.50 रुपये से बढ़कर 97.50 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। यह दरें शुक्रवार सुबह 6 बजे से लागू हो चुकी हैं।

SCROLL FOR NEXT