ममता बनर्जी 
टॉप न्यूज़

रामपुरहाट से न्यू मार्केट तक, ममता की गैरमौजूदगी चर्चा में

दो घटनाओं पर अनुपस्थिति ने खड़े किए सवाल

कोलकाता : पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी की असामान्य मौत को लेकर तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी खींचतान के बीच पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी की गैरमौजूदगी पर सवाल उठने लगे हैं।

बुधवार को ममता के निर्देश पर वरिष्ठ नेता सौगत रॉय और शोभनदेव चट्टोपाध्याय रामपुरहाट पहुंचे और आशीष के परिजनों से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार परिवार से मिलने के बाद शोभनदेव ने कहा कि आशीष ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ में नहीं आया।

उन्होंने कहा कि संभवतः अपमान से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह के आरोप-अपमान सहने पड़ते हैं और इन्हें दिल पर नहीं लेना चाहिए। आशीष बनर्जी लंबे समय तक ममता के करीबी नेताओं में रहे थे। उनकी मौत के बाद तृणमूल के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि परिवार के अनुरोध के बावजूद ममता खुद रामपुरहाट क्यों नहीं पहुंचीं। इसी बीच न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में लगी आग में नौ लोगों की मौत की घटना पर भी ममता की चुप्पी चर्चा में है।

जहां विपक्षी नेता घटनास्थल पहुंचे, वहीं ममता बनर्जी वहां नहीं गईं। तारापीठ अग्निकांड पर शोक जताने के बावजूद उन्होंने न्यू मार्केट हादसे पर अब तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लगातार घटनाओं से ममता दबाव में हैं और जल्द ही जिलों के दौरे पर जा सकती हैं।

SCROLL FOR NEXT