टॉप न्यूज़

गणतंत्र दिवस पर 4 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा पदक से किया गया सम्मानित

गृह मंत्रालय ने की पुरस्कारों की घोषणा

फायर सर्विस में अमर कुमार रॉय का योगदान

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार पुलिस के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है कि उसके चार अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट, निष्ठावान और निष्कलंक सेवा के लिए ‘पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा)’ एवं ‘फायर सर्विस पदक (विशिष्ट सेवा)’ से सम्मानित किया गया है। इन पुरस्कारों की घोषणा गृह मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई। उप सेनानी (आईआरबीएन) श्री नवीन कुमार ने 22 जून 2006 को उप निरीक्षक (जीडी) के रूप में सेवा में प्रवेश किया था। उन्होंने बीएसएफ प्रशिक्षण अकादमी टेकनपुर, एसटीसी बीएसएफ चुराचांदपुर तथा सेंट्रल स्कूल ऑफ वेपन्स एंड टैक्टिक्स, इंदौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। निरीक्षक और बाद में उप सेनानी के रूप में उन्होंने प्रशिक्षण, सुरक्षा प्रबंधन और आधुनिकीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) प्रदान किया गया। डिगलीपुर फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफिसर अमर कुमार रॉय ने वर्ष 1988 में सेवा जॉइन की थी और तीन दशकों से अधिक समय तक समर्पित सेवा दी।

उनके नेतृत्व में फायर स्टेशन डिगलीपुर को वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ फायर स्टेशन घोषित किया गया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें फायर सर्विस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया गया। हेड कांस्टेबल एस. रमानी (756) ने वर्ष 1994 में सेवा जॉइन की और विभिन्न इकाइयों में अनुशासित एवं समर्पित सेवाएं दीं। परेड, प्रशिक्षण और खेल प्रतियोगिताओं में उनके योगदान के लिए उन्हें पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) प्रदान किया गया। हेड कांस्टेबल इब्राहिम अली (1059) ने आईटीबीपी और बाद में अंडमान-निकोबार पुलिस में साहसिक एवं मानवीय सेवाएं दीं। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मानवीय प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया। उन्हें भी पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया गया। डीजीपी हरगोबिंदर सिंह ढालीवाल ने सभी सम्मानित अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

SCROLL FOR NEXT