टॉप न्यूज़

परिवहन नगर में नए बस टर्मिनस की नींव

जंक्शन बस स्टैंड फिलहाल रहेगा चालू, ट्रैफिक दबाव घटाने की तैयारी

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी: शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने की दिशा में गुरुवार को एक अहम कदम उठाया गया। माटीगाड़ा स्थित परिवहन नगर में नए बस टर्मिनस के निर्माण के लिए गुरुवार को शिलान्यास किया गया। राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष और राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने संयुक्त रूप से परियोजना की आधारशिला रखी।

प्रस्तावित बस टर्मिनस का निर्माण परिवहन नगर की करीब 30 प्रतिशत जमीन पर किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि नया टर्मिनस शुरू होने के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में बसों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही बसों की आवाजाही को व्यवस्थित कर सिलीगुड़ी में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

शिलान्यास कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में पर्यटन मंत्री शंकर घोष और राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने स्पष्ट किया कि सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित मौजूदा बस स्टैंड फिलहाल बंद नहीं होगा। नया टर्मिनस पूरी तरह तैयार होकर चालू होने तक जंक्शन बस स्टैंड से बसों का परिचालन जारी रहेगा।

मंत्रियों ने बताया कि परिवहन नगर का नया टर्मिनस पूरी तरह संचालित होने के बाद ही जंक्शन बस स्टैंड को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यानी फिलहाल यात्रियों को जंक्शन से बस सेवा मिलती रहेगी और तत्काल किसी बदलाव की योजना नहीं है।

इसके अलावा नौकाघाट के पास मौजूद छोटे बस स्टैंड के बेहतर इस्तेमाल पर भी विचार किया जा रहा है। प्रशासन की योजना है कि उपलब्ध बस स्टैंडों का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग कर शहर में बसों की आवाजाही को अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्थित किया जाए।

नए टर्मिनस के निर्माण को शहर की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT