सांकेतिक फोटो Former Minister’s Close Aides Held After Huge Cash, Arms Haul in Barasat Raid
टॉप न्यूज़

पूर्व मंत्री के करीबी नेताओं के घर मिला नोटों का पहाड़!

कारतूसों का जखीरा भी बरामद, भाई समेत हुआ गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : बारासात के गोबरडांगा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मछलंदपुर में तृणमूल नेता अजीत साहा के घर में घापामारी कर वहां से भारी मात्रा में नकदी, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किये हैं। गिरफ्तार नेता उत्तर 24 परगना जिला परिषद के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण कर्माध्यक्ष हैं। अजीत राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के बेहद करीबी माने जाते हैं। इस मामले में उनके भाई सुजीत कुमार साहा को भी गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात गोबरडांगा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मछलंदपुर स्थित इन नेताओं के आवास पर छापेमारी की। रात भर चली इस सघन तलाशी में पुलिस को घर से 27 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इस नकदी के स्रोत को लेकर दोनों भाई कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। ताज्जुब की बात यह है कि घर से सिर्फ कैश ही नहीं, बल्कि हथियारों का जखीरा भी मिला है। पुलिस ने मौके से 626 कारतूस, 61 कारतूस के खोखे, एक 7 एमएम पिस्टल और एक एयरगन बरामद की है। इसके अलावा घर से 52 बोतल विदेशी शराब भी जब्त की गई है।

बुधवार को दोनों अभियुक्तों को बारासात कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। गौरतलब है कि इन दोनों पर पहले से ही जबरन वसूली, धमकी और साल 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले दर्ज थे। कोर्ट जाते समय दोनों नेताओं ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े होने के कारण उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT