सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सोमवार रात हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने फुटपाथ पर रहने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी। जहां अधिकतर लोग अपने घरों में सुरक्षित और निश्चिंत होकर सो रहे थे, वहीं फुटपाथ पर अस्थायी रूप से रहने वाले लोग बारिश के कहर को झेलते हुए असहाय नजर आए। ये वे लोग हैं जो सड़क किनारे प्लास्टिक की शीट और बंद दुकानों के सामने बने शेड का सहारा लेकर जीवन यापन कर रहे हैं।
बारिश के दौरान छोटे बच्चे प्लास्टिक की शीट से खुद को ढककर बारिश से बचने की कोशिश करते दिखे, तो कुछ लोग शेड के नीचे इकट्ठा होकर भीषण बारिश से बचने का प्रयास कर रहे थे। ऐसे लोगों के लिए बारिश की रात गुजारना बेहद कठिन था क्योंकि उनके पास कोई सुरक्षित आश्रय नहीं था।
जलजमाव की वजह से फुटपाथ पर रह रहे कई लोगों के जरूरी सामान बह गए। उनकी स्थिति बहुत खराब थी। कई लोग अपने राशन और जरूरी वस्तुएं प्लास्टिक की शीट के अंदर रखकर बचाने की कोशिश में जुटे थे। वहीं कुछ लोग अपने ठेले पर बैठकर रात गुजारते नजर आए, जो उनका आजीविका का साधन भी है। पानी में भीगे सामान को बचाने के लिए वे संघर्ष कर रहे थे।
इन लोगों के लिए सुरक्षित ठिकाना न होने के कारण वे दर-दर भटकने को मजबूर थे। हालांकि कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ओर से कई जगहों पर सेल्टर की व्यवस्था की जाती है, फिर भी इन फुटपाथ निवासियों का कहना है कि वे बारिश में भी फुटपाथ पर ही रहते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन लोगों को सेल्टर के बारे में जानकारी नहीं है या वे किसी कारणवश उसे इस्तेमाल नहीं कर पाते। बारिश ने फुटपाथ जीवन के इन लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और उनकी बेसहारा जिंदगी की हकीकत को सामने लाया है।