1.76 करोड़ रुपये के नये टेंडर की तैयारी
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : बिल्लीग्राउंड सिटीजन फोरम द्वारा आयोजित चक्का जाम और लगातार दबाव के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-4 (एनएच-4) के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए लिखित आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा के साथ यह आश्वासन सौंपा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क अवरोध अस्थायी रूप से हटाने का निर्णय लिया, लेकिन कहा कि जब तक सभी वादे पूरे नहीं होंगे, आंदोलन जारी रहेगा। सिटीजन फोरम के प्रतिनिधियों ने बताया कि NHIDCL ने 1.21 करोड़ रुपये की स्कोप चेंज स्वीकृत कर इसे एम/एस रीफ कंस्ट्रक्शन को तत्काल जारी कर दिया है। इसके तहत बिल्लीग्राउंड और स्वदेश नगर के अत्यधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों की तात्कालिक मरम्मत शुरू कर दी गई है। साथ ही 1.76 करोड़ रुपये की लागत से नया टेंडर भी आमंत्रित किया गया है, जिसमें सीटीबी और बीसी लेयर डालकर गंभीर हिस्सों की मरम्मत की जाएगी। इस टेंडर की बोली 23 जनवरी 2026 को खोली जाएगी और कार्यादेश मिलने के सात दिन के भीतर काम शुरू होगा। एनएच-4 के अन्य हिस्सों पर स्थायी समाधान के लिए NHIDCL ने 20 जनवरी 2026 को एक और टेंडर आमंत्रित किया है। इसमें दो चरणों में कार्य होंगे—पहले क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और फिर पूरे स्ट्रेच पर 40 मिमी बीसी के साथ फुल-स्ट्रेच ओवरले और शेष कार्य।
यह टेंडर 11 फरवरी 2026 को खोला जाएगा और कार्यादेश मिलने के 15 दिन में काम शुरू होगा। इन लिखित प्रतिबद्धताओं के आधार पर सिटीजन फोरम ने चक्का जाम समाप्त करने का निर्णय लिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन तेज किया जाएगा और बड़े जन आंदोलन या चुनाव बहिष्कार जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। प्रदर्शन में हरिनगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पानीघाट से ऑस्टिन ब्रिज तथा मायाबंदर तक गुणवत्तापूर्ण ब्लैकटॉपिंग की मांग की। पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। स्थानीय निवासियों ने कहा कि एनएच-4 की खराब स्थिति पर्यटन और द्वीपों की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। आंदोलनकारियों ने यह भी कहा कि जवाबदेही तय कराने की सबसे बड़ी शक्ति जनता की एकता ही है।