भारतीय वायुसेना के पूर्व उपप्रमुख एअर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ex_vice-chief-of-air-staff_air-marshal-narmdeshwar-tiwari
टॉप न्यूज़

भारत के पास सिर्फ 32 एक्टिव राफेल का ‘फ्लाइटग्लोबल’ का दावा सरासर गलत : IAF के पूर्व उपप्रमुख

भारत इस सिलसिले में पाकिस्तान का दावा पहले ही कर चुका खारिज

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : ब्रिटिश एविएशन मैगजीन ‘फ्लाइटग्लोबल’ की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के पास 36 नहीं, 32 एक्टिव राफेल हैं। हालांकि यह नहीं बताया गया कि बाकी 4 विमान कहां हैं या उन्हें सक्रिय सूची से क्यों हटाया गया। ‘फ्लाइटग्लोबल’ की यह रिपोर्ट पाकिस्तान के इस दावे के बीच आयी है की ‘ऑपरेशन सिंदूरै के दौरान उसने भारत के 4 राफेल विमान मार गिराये थे।

वायुसेना की शान : राफेल

अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में दिखे ‘गिराये गये’ विमान

भारत वायुसेना (IAF) के पूर्व उप प्रमुख एअर मार्शल एन तिवारी ने इस रिपोर्ट के आंकड़ों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने मैगजीन से अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करने को कहा है। दरअसल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान ने भारत के चार राफेल विमान मार गिराने का दावा किया था। पूर्व एअर मार्शल ने कहा कि जिन राफेल विमानों को मार गिराने का दावा किया गया था, वे अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में उड़ान भरते दिखे।

मैगजीन ने पिछले साल 35 राफेल को एक्टिव बताया था

‘फ्लाइटग्लोबल’ की 2027 वर्ल्ड एअर फोर्सेज डायरेक्टरी रिपोर्ट में 160 देशों के सैन्य विमान बेड़ों के आंकड़े शामिल हैं। मैगजीन में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सूची में राफेल DH/EH की संख्या 32 बतायी गयी है। DH दो सीटों वाला और EH एक सीट वाला राफेल विमान है। भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल खरीदे थे। इनमें 28 एक सीट वाले और 8 दो सीट वाले विमान शामिल हैं। पिछले साल की रिपोर्ट में मैगजीन ने 35 राफेल विमानों को सक्रिय बताया था। इस बार संख्या घटाकर 32 कर दी गई है। रिपोर्ट में इस बदलाव का कोई कारण या समर्थन में सबूत नहीं दिया गया है। यह रिपोर्ट ब्रिटेन की एविएशन डेटा और एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गयी है।

स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र

तिवारी ने वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया। तिवारी ने कहा कि इन्हीं सूत्रों ने शिवांगी सिंह को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बंदी बनाए जाने का दावा किया था जबकि बाद में उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ तस्वीर सामने आयी थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 29 अक्टूबर, 2025 को अंबाला एअरफोर्स स्टेशन पर राफेल में उड़ान भरने के बाद राफेल पायलट शिवांगी सिंह के साथ तस्वीर साझा की थी।

पाकिस्तान ने रिपोर्ट को अपने दावे के समर्थन में बताया

फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट सामने आने के बाद पाकिस्तान ने इसे अपने दावे के समर्थन में पेश किया। पाकिस्तान का दावा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसने भारत के चार राफेल विमान मार गिराये थे। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने भी रिपोर्ट के आंकड़ों को इस दावे की पुष्टि के तौर पर पेश किया। हालांकि पाकिस्तान ने अपने दावे के समर्थन में राफेल विमानों के मलबे या सैटेलाइट तस्वीरों जैसे सत्यापित सबूत पेश नहीं किये हैं।

SCROLL FOR NEXT