सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : चेन्नई से अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर जा रहे सैकड़ों पर्यटकों को बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी खराब मौसम के कारण विमान को बिना उतरे चेन्नई वापस लौटना पड़ा। इस वजह से 168 यात्रियों को चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घंटों इंतजार करना पड़ा। दूसरी तरफ चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जा रहे 154 यात्रियों वाले एक अन्य विमान को कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा। बता दें कि 168 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान सुबह 7:20 बजे चेन्नई से रवाना हुआ, लेकिन भारी बारिश और चक्रवाती हवाओं के कारण पोर्ट ब्लेयर में उतरना संभव नहीं हो पाया। सुबह 9:40 बजे तक अंडमान हवाई क्षेत्र में चक्कर लगाने के बाद विमान दोपहर 12:30 बजे चेन्नई लौट आया। मौसम में थोड़े सुधार के बावजूद दोपहर 2:30 बजे दूसरा प्रयास भी विफल रहा और लगातार तूफान के कारण विमान को शाम 7:00 बजे चेन्नई वापस लौटना पड़ा।