टॉप न्यूज़

मथुरा में एक ही परिवार के पांच लोग घर में मिले मृत, पुलिस को मिला सुसाइड नोट

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के खप्परपुर गांव में मंगलवार को एक दंपति और उनके तीन नाबालिग बच्चे अपने घर में मृत पाए गए।

Narendra Kumar Singh

मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के खप्परपुर गांव में मंगलवार को एक दंपति और उनके तीन नाबालिग बच्चे अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने कहा कि उन्हें संदेह है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है। पुलिस को परिवार के मुखिया द्वारा बनाया गया एक वीडियो और दीवार पर लिखे संदेश के अलावा एक सुसाइड नोट भी मिला है।

सुसाइड नोट और वीडियो की सामग्री के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान किसान मनीष कुमार (35), उनकी 32 वर्षीय पत्नी तथा उनके तीन नाबालिग बच्चों - दो बेटियों और एक बेटे के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘वे अपने घर के एक कमरे में मृत पाए गए।’’ पुलिस ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मनीष कुमार के भाई से मिली।

पुलिस के मुताबिक जब बच्चे सुबह खेलने के लिए बाहर नहीं आए, तो मनीष का भाई कुछ ग्रामीणों के साथ दीवार फांदकर घर के अंदर गया और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा, जहां उसने अपने परिवार के सदस्यों को मृत पाया। एसएसपी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT