निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : तारापीठ और कोलकाता के होटलों में हुए हादसों के बाद राज्य अग्निशमन विभाग के निर्देश पर हावड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। आगामी त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रमुख होटल, रेस्तरां और शॉपिंग मॉल में अग्निशमन व्यवस्था की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को हावड़ा मैदान स्थित 14 मंजिला एक बहुचर्चित शॉपिंग मॉल में फायर सेफ्टी का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
अग्निशामक यंत्रों और निकास द्वारों का लिया गया जायजा
जांच के दौरान दमकल अधिकारियों ने मॉल की हर मंजिल पर लगे स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर और अग्निशामक यंत्रों की कार्यप्रणाली को परखा। इसके साथ ही छत व भूमिगत जलाशयों के जल स्तर, बेसमेंट पार्किंग और आपातकालीन निकास द्वारों की स्थिति का भी जायजा लिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में भगदड़ जैसी घटना न हो और लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
दमकल विभाग ने व्यवस्थाओं को बताया संतोषजनक
हावड़ा फायर स्टेशन के अधिकारी कृपा सिंधु दे ने बताया कि मॉल की सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल संतोषजनक पाई गई है। वहीं मॉल के मालिक विजय चौधरी ने कहा कि दमकल विभाग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है और पूजा के मौसम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम भी किए जाएंगे। इससे पहले अवनी रिवरसाइड और रंगोली मॉल में भी ऐसी ही जांच की जा चुकी है।