फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

बेलूड़ के रंगोली मॉल में अग्निशमन विभाग का ऑडिट, व्यवस्था दुरुस्त मिली !

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : राज्य सरकार के निर्देश पर पूरे राज्य में शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्टोरेंट में आग से बचाव के इंतजामों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को हावड़ा स्थित बेलूड़ के प्रसिद्ध रंगोली मॉल में बाली दमकल विभाग की एक विशेष टीम ने विस्तृत फायर ऑडिट किया। इस निरीक्षण का नेतृत्व बाली फायर स्टेशन के अधिकारी सोमनाथ प्रमाणिक ने किया। जांच के दौरान दमकल विभाग की टीम ने मॉल में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर, ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम, अलार्म और इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन निकास) का बारीकी से जायजा लिया। इसके अलावा, आपात स्थिति में खरीदारों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का आकलन करने के लिए मॉक ड्रिल का भी परीक्षण किया गया। जांच के बाद दमकल अधिकारियों ने बताया कि मॉल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद हैं और कोई गंभीर खामी नहीं पाई गई है। हालांकि, सुरक्षा को और बेहतर बनाए रखने के लिए मॉल प्रबंधन को कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

सुरक्षा मानकों का हो रहा पूरा पालन : मॉल प्रबंधन

रंगोली मॉल के जनरल मैनेजर (ऑपरेशन्स) सुबीर पाल ने दमकल विभाग के इस ऑडिट का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मॉल प्रशासन सुरक्षा नियमों का पूरी तरह से पालन करता है। ग्राहकों और कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए मॉल में अग्निशमन प्रणाली को हमेशा दुरुस्त रखा जाता है।

SCROLL FOR NEXT