सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

स्टेशन के पास बाजार में लगी आग, कई दुकानें जलकर राख

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के गोबरडांगा स्टेशन परिसर में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन के 1 नंबर प्लेटफॉर्म से सटे बाजार में भीषण आग लग गई। इस भयावह अग्निकांड में कतारबद्ध कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। घनी आबादी और संकरी गलियों वाला इलाका होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

रेस्टोरेंट से शुरू हुई आग, सिलेंडर फटने की आशंका

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार तड़के स्टेशन से सटे एक रेस्टोरेंट में अचानक आग की लपटें देखी गईं। बताया जा रहा है कि वहां कई गैस सिलेंडर जमा करके रखे गए थे। प्राथमिक अनुमान है कि गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण आग लगी और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी दुकानों को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

दमकल की दो इंजनों ने पाया काबू

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शी पीयूष शर्मा ने बताया कि शोर सुनकर जब वे बाहर आए तो देखा कि आग तेजी से फैल रही है। स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में भी भारी दहशत देखी गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहा है।

SCROLL FOR NEXT