टॉप न्यूज़

ओमान के पास तेल टैंकर में लगी आग, 24 भारतीय नाविक फंसे

विदेशी जहाज Marivex में हादसा, सभी भारतीय सुरक्षित; ओमान प्रशासन और भारतीय एजेंसियां अलर्ट पर

मस्कट/नई दिल्ली: ओमान के तट के पास सोमवार को एक विदेशी तेल टैंकर Marivex में आग लगने की घटना सामने आई। राहत की बात यह है कि जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह जहाज मेडागास्कर के झंडे वाला था और उस समय किसी प्रकार का कार्गो नहीं ले जा रहा था।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय नाविकों से जुड़े इस मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।

जानकारी के अनुसार, Marivex टैंकर भारत के कर्नाटक स्थित कारवार बंदरगाह से ओमान के डुक्म बंदरगाह की ओर जा रहा था, तभी स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे जहाज में आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

शिपिंग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय नौसेना, रक्षा मंत्रालय और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि महानिदेशालय शिपिंग (DG Shipping) के माध्यम से अब तक 3,506 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा चुकी है, जिनमें पिछले 96 घंटों में 32 नाविक शामिल हैं।

फिलहाल आग पर काबू पाने और जहाज की स्थिति का आकलन करने के लिए संबंधित एजेंसियां सक्रिय हैं।

SCROLL FOR NEXT