सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

मध्यमग्राम में 5 मंजिला इमारत के नीचे दुकान में लगी आग

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम: उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्टेशन के पास बुधवार की आधी रात को एक भीषण अग्निकांड से सनसनी फैल गई। यहाँ एक पाँच मंजिला आवासीय इमारत के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर स्थित एक मोबाइल की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरी इमारत में धुआं भर गया, जिससे वहां रहने वाले निवासियों में दहशत फैल गई।

जान बचाने के लिए सड़कों पर उतरे लोग

हादसा उस समय हुआ जब ज्यादातर लोग सो रहे थे। दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलते देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। अपनी जान बचाने के लिए आवासीय अपार्टमेंट के निवासी आधी रात को ही अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। खबर मिलते ही मध्यमग्राम थाने की पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए इमारत में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लाखों का नुकसान, शॉर्ट सर्किट की आशंका

दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में मोबाइल दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई है, जिससे लाखों रुपये के मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों के नुकसान का अनुमान है। दमकल विभाग के अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। गनीमत रही कि आग समय रहते बुझा ली गई, अन्यथा आसपास की अन्य दुकानें और पूरी इमारत इसकी चपेट में आ सकती थी। पुलिस और दमकल विभाग फिलहाल आग के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT