दुकान में लगी आग में जल गयी सामग्रियां  
टॉप न्यूज़

भाटपाड़ा के बजरंगबली के निकट लगी आग में 10 दुकानें जलकर खाक

साजिश या हादसा? राजनीतिक घमासान शुरू

​नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

भाटपाड़ा : भाटपाड़ा नगरपालिका के 32 नंबर वार्ड स्थित काकीनाडा मदराल बजरंगबली मंदिर परिसर में आज तड़के अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में मंदिर के बाहर स्थित पूजन सामग्री (डाला) की लगभग 10 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है, जिसमें दुकानदारों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

तृणमूल प्रार्थी ने दिया दुकानदारों को आश्वासन

घटना की जानकारी मिलते ही जगतदल विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रत्याशी सोमनाथ श्याम मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से बात की और इस घटना को एक बड़ा आर्थिक नुकसान बताया। सोमनाथ श्याम ने आश्वासन दिया कि, "यह गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी का सवाल है। मैंने भाटपाड़ा नगरपालिका से बात की है और जल्द से जल्द इन दुकानों को दोबारा बनवाने और दुकानदारों की सहायता करने की व्यवस्था की जाएगी।"

भाजपा प्रत्याशी ने की घटना की जांच की मांग

वहीं दूसरी ओर, जगतदल से भाजपा (BJP) प्रत्याशी राजेश कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मामले में गहरी साजिश की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि, "कल हनुमान जयंती के अवसर पर यहाँ भारी भीड़ थी। उत्सव के ठीक बाद रात में इस तरह आग लगना संदेह पैदा करता है। इसकी गहन जांच होनी चाहिए क्योंकि यह अंतर्घात (साजिश) भी हो सकता है।"

इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गरमाहट बढ़ा दी है। जहाँ प्रशासन प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट मान रहा है, वहीं भाजपा ने इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। फिलहाल, पीड़ित दुकानदार अपनी जमा-पूंजी खाक होने के बाद मुआवजे की राह देख रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT