कोलकाता: तारातला हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि हादसा कैसे हुआ और इसके पीछे किसकी लापरवाही थी।
इस बीच मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। हादसे को लेकर कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हाकिम की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि तारातला स्थित इमारत के निर्माण प्लान की मंजूरी में उनके हस्ताक्षर थे।
तारातला थाना में फिरहाद हाकिम समेत पार्षद अनवर खान और पार्षद शम्स इकबाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत भारतीय जनता मजदूर सेल की ओर से दर्ज कराई गई है।
मामले को लेकर कुणाल घोष ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर फिरहाद हाकिम दोषी हैं तो उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए।
कुणाल घोष ने कहा, “अगर मुख्यमंत्री ने दस्तावेज दिखाकर कहा है कि फिरहाद हाकिम के हस्ताक्षर हैं, तो फिर उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा? अगर तारातला मामले में उनकी गलती है तो आज शाम 5 बजे तक गिरफ्तारी होनी चाहिए।”
कुणाल घोष ने यह भी कहा कि अगर फिरहाद हाकिम को पार्षदों को एकजुट करने या किसी राजनीतिक भूमिका के लिए इस्तेमाल किया जाता है, तो इससे सरकार की कार्रवाई की मंशा पर सवाल उठेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर फिरहाद हाकिम गिरफ्तार होते हैं तो यह माना जाएगा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा, वह गंभीरता से कहा था।
फिलहाल हादसे की जांच जारी है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इमारत निर्माण में नियमों का उल्लंघन हुआ था या नहीं और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।