नई दिल्ली : वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू ने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों से बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बैंकिग सुविधाओं तक जनता की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
नागराजू ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को संबोधित एक पत्र में बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा करने और जनता की दैनिक वित्तीय जरूरतों एवं आर्थिक गतिविधियों को पूरा करने के लिए निर्बाध बैंकिंग सेवाएं बनायें रखने की जरूरत पर बल दिया। वित्तीय सेवा विभाग के सचिव ने कहा कि हाल के दिनों में आयी मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया कवरेज ने बैंक परिसर के भीतर असामाजिक तत्वों द्वारा बैंक कर्मचारियों के साथ आक्रामक व्यवहार करने की परेशान करने वाली घटनाओं को उजागर किया है जिसमें मौखिक दुर्व्यवहार, शारीरिक हमला और यहां तक कि बैंकिंग संचालन में बाधा डालना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ये सभी काम गैरकानूनी हैं जो बैंक कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करते हैं और बैंकिंग सेवाओं की सुरक्षित आपूर्ति में जनता के विश्वास को कमजोर करते हैं।