सिलीगुड़ी : कर्सियांग से सिलीगुड़ी लौटने का सफर रविवार रात छह दोस्तों के लिए जिंदगी भर की त्रासदी बन गया। रोहिणी के कार्गिलधारा इलाके में एक लग्जरी चारपहिया वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में सिलीगुड़ी के अभिषेक साहा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। अभिषेक सिलीगुड़ी विधान मार्केट व्यवसायी समिति के सचिव बापी साहा के बेटे थे। घटना की खबर मिलते ही सिलीगुड़ी के व्यापारिक इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, छह युवक रविवार को कार से कार्शियांग घूमने गए थे। रात में वे वापस सिलीगुड़ी लौट रहे थे। रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच रोहिणी से लगभग 10 किलोमीटर ऊपर कार्गिलधारा इलाके में वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी। हालांकि, वाहन के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
अंधेरे और बारिश के बीच चला रेस्क्यू
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन खाई में काफी नीचे जा गिरा था। शुरुआती प्रयास में स्थानीय लोगों की मदद से दो लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं, तीन लोग वाहन में फंसे रह गए। तेज बारिश और अंधेरे के कारण राहत कार्य में भी काफी मुश्किलें आईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पांच घायलों में से दो का इलाज कार्शियांग के अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीन को बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विधान मार्केट में पसरा मातम
अभिषेक साहा की मौत की खबर सिलीगुड़ी पहुंचते ही विधान मार्केट में शोक का माहौल बन गया। व्यापारियों और परिचितों में घटना को लेकर गहरा दुख है। बापी साहा विधान मार्केट व्यवसायी समिति के सचिव हैं, जिसके कारण अभिषेक की मौत की खबर से व्यापारिक समुदाय भी स्तब्ध है। वही इस शोक में विधान मार्केट भी बंद रहा।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन, वाहन की गति, चालक का नियंत्रण और अन्य संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुर्घटना से ठीक पहले वाहन की स्थिति क्या थी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।