निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : नवान्न में पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री अजय पोद्दार से कथित तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), भारत सरकार की सदस्य बनकर मुलाकात करने के मामले में शिवपुर पुलिस ने एक महिला को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान डॉ. आकांक्षा विद्यार्थी के रूप में हुई है। हावड़ा पुलिस के अनुसार, वह दिल्ली की रहने वाली है। पुलिस को बुधवार की देर शाम पीडब्ल्यूडी मंत्री के निजी सहायक की ओर से लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आकांक्षा विद्यार्थी ने मंत्री से मिलने के लिए समय मांगा था। इसके बाद वह नवान्न स्थित मंत्री के कार्यालय पहुंची और खुद को पीएमओ, भारत सरकार की सदस्य के रूप में पेश किया। मुलाकात के दौरान महिला की ओर से कही गई कुछ बातों को लेकर मंत्री को उसकी पहचान और दावे पर संदेह हुआ।
पहचान की जांच में दावा गलत मिलने पर दर्ज हुआ मामला
इसके बाद महिला की कथित पहचान और उसके दावे की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान उसके पीएमओ से जुड़े होने का दावा कथित तौर पर गलत पाया गया। इसके बाद शिवपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शिवपुर थाना कांड संख्या 482/26, दिनांक 30 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319(2), 204 और 340(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बीच ही महिला कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी थी और अपने आवास पहुंच गई थी। इसके बाद शिवपुर थाने की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक महिला उपनिरीक्षक के नेतृत्व में टीम को दिल्ली भेजा। गुरुवार की दोपहर पुलिस टीम ने मध्य दिल्ली स्थित उसके आवास से आकांक्षा विद्यार्थी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश कर बंगाल लाने की तैयारी है।