नई दिल्ली : दिल्ली के रोहिणी जिले में पुलिस ने जाली नोटों की आपूर्ति करने और उन्हें बाजार में खपाने वाले कथित गिरोह का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है तथा करीब 10.50 लाख रुपये के संदिग्ध नकली नोट बरामद किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी 56 वर्षीय पुष्कर राज पुरबिया उर्फ ‘डॉक्टर’, राजस्थान के बाड़मेर निवासी 22 वर्षीय गोसाई राम, हरियाणा के सोनीपत निवासी 28 वर्षीय साहिल खरब और राजस्थान के चूरू जिले के निवासी 31 वर्षीय नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को प्रशांत विहार थाना क्षेत्र में जापानी पार्क के पास छापेमारी कर पुष्कर राज पुरबिया, गोसाई राम और साहिल खरब को पकड़ा गया और उनके पास से 500 रुपये मूल्यवर्ग के संदिग्ध नकली नोट और नकली नोट तैयार करने में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई।
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में एक अक्टूबर को प्रशांत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने बताया कि इसके बाद पूछताछ और तकनीकी निगरानी के आधार पर नरेंद्र कुमार को राजस्थान के चूरू से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों से जुड़े परिसरों की तलाशी में प्रिंटिंग उपकरण, डिजिटल उपकरण, प्रिंटिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद हुआ, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर नकली नोट तैयार करने और छापने में किया जाता था।
डीसीपी के अनुसार, अभियान और बाद की जांच के दौरान 500 रुपये मूल्यवर्ग के संदिग्ध नकली नोटों की 21 गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत करीब 10.50 लाख रुपये है।पुलिस ने बताया कि पुरबिया प्रॉपर्टी डीलर था और कथित तौर पर नकली नोटों की तैयारी तथा प्रसार के लिए अन्य आरोपियों के साथ समन्वय करता था जबकि गोसाई राम पर सामग्री जुटाने और ऑनलाइन स्रोतों तथा सोशल मीडिया के जरिए नकली नोट तैयार करने की प्रक्रिया सीखने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि साहिल खरब पर सामग्री जुटाने, सोनीपत में परिसर की व्यवस्था करने तथा नकली नोटों की तैयारी और प्रसार में कथित तौर पर मदद करने का आरोप है। नरेंद्र कुमार पर पुष्कर राज पुरबिया और गोसाई राम के संपर्क में होने तथा सामग्री जुटाने में मदद करने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में दो कलर प्रिंटर, पेपर-कटिंग मशीन, दो लैपटॉप, नोट गिनने की मशीन, स्क्रीन-प्रिंटिंग सामग्री, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, दो मॉनिटर, एक सीपीयू और उच्च सुरक्षा विशेषताओं वाले खाली सुरक्षा कागज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पूरे गिरोह, नकली नोटों के स्रोत और गंतव्य तथा गिरोह में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।