सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

महंगाई पर लगाम लगाने के लिए राशन डीलरों ने दिया प्रस्ताव, सीएम से की मांग

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन ने पश्चिम बंगाल में खाद्य पदार्थों और दैनिक उपभोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार को एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपा है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव विश्वंभर बासु द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र में खुले बाजार में महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कई ठोस सुझाव दिए गए हैं।

राशन दुकानों से जन पोषण, जन औषधि और LPG सिलेंडर बेचने की मांग

फेडरेशन ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और रियायती खाद्यान्न आवंटन (Tide-Over allocation) के जरिए आम लोगों को कम कीमत पर अतिरिक्त चावल और गेहूं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है। इसके अलावा, राशन दुकानों के माध्यम से 'प्रधानमंत्री जन पोषण केंद्र', 'प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र' संचालित करने तथा 5 किलोग्राम के गैर-सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर बेचने की अनुमति मांगी गई है। डीलरों का कहना है कि राशन दुकानों के जरिए दैनिक उपयोग की सभी आवश्यक सामग्रियां बेचने की मंजूरी मिलने पर दूर-दराज के इलाकों तक आम जनता को राहत पहुंचाई जा सकती है।

उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का अनुरोध

संगठन ने राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनिया के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाने की मांग की है। डीलरों को उम्मीद है कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से इन जनहितकारी प्रस्तावों को लागू कर आम जनता को महंगाई से बड़ी राहत दी जा सकती है।

SCROLL FOR NEXT