पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार शाम एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में विस्फोट होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है और भाजपा कार्यालय के भीतर भी कोई क्षति नहीं पहुंची है।
चंडीगढ़ की एसएसपी और आईजी पुष्पेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्कूटी किसकी थी और उसे वहां किसने खड़ा किया था।
जांच के लिए डॉग स्क्वायड, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद पूरे चंडीगढ़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।