कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के अंतर्गत आने वाली रेजीनगर विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से कुछ सप्ताह पहले मंगलवार को नवा पुकुड़िया इलाके में एक धमाका हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इलाके में एक कंटेनर से बम भी बरामद किए। उसने बताया कि अबतक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर शाम बेलडांगा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवा पुकुड़िया इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई, जिसके बाद पूरा इलाका धुएं से भर गया। उन्होंने बताया कि आवाज सुन लोग उस ओर दौड़े लेकिन वहां कोई नहीं मिला। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि जब धमाका हुआ, तो कुछ अज्ञात लोग तालाब के पास कथित तौर पर बम बना रहे थे। दूसरों का कहना था कि जलाशय के पास एक कंटेनर में बड़ी संख्या में बम रखे गए थे और तेज गर्मी के कारण उनमें विस्फोट हो सकता है। बेलडांगा पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जलाशय के पास एक कंटेनर में कुछ बम रखे गए थे। अधिकारी ने बताया, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि ऊपर से कंटेनर पर एक ईंट गिरी, जिसके बाद बम फट गए।’’ पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बहरमपुर संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष मलय महाजन ने आरोप लगाया कि चुनावों से पहले विपक्षी दलों का एक धड़ा बम और हथियार जमा कर रहा है। पश्चिम बंगाल की जिन दो सीट पर छह अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं, उनमें रेजीनगर विधानसभा सीट भी शामिल है। दूसरी सीट नंदीग्राम है।