विस्फोट से ध्वस्त हुआ पटाखा गोदाम 
टॉप न्यूज़

गुजरात के बनासकांठा में पटाखा गोदाम में आग लगने से 18 की मौत, 5 घायल

मारे गये मजदूर मध्य प्रदेश के थे

पालनपुर : गुजरात के बनासकांठा जिले में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में आग लगने और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से 18 लोगों की जान चली गयी और पांच अन्य लोग घायल हो गये।

विस्फोट में 18 श्रमिक मारे गये, 5 घायल

डीसा कस्बे के पास स्थित गोदाम में हुआ विस्फोट

बनासकांठा के पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 9.45 बजे डीसा कस्बे के पास स्थित गोदाम में हुई। इस घटना में 18 लोगों की मौत हो गयी तथा भीषण विस्फोट के बाद इमारत का स्लैब ढह जाने से पांच अन्य घायल हो गये। घायलों में तीन की हालत गंभीर बतायी जाती है। उन्होंने कहा कि मृतक मध्य प्रदेश के मजदूर और उनके परिवार के सदस्य थे तथा उनमें से अधिकतर की मौत स्लैब गिरने से हुई। मकवाना ने बताया कि यह इकाई पटाखों के भंडारण के लिए थी और अभी तक इस बात का कोई सुराग नहीं मिला है कि वहां पटाखे बनाये जा रहे थे। इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि यह एक फैक्टरी है।

राहतकर्मी मलबा हटाते हुए

मुख्यमंत्री दुख व्यक्त किया, आर्थिक सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि डीसा में एक पटाखा गोदाम में आग लगने और स्लैब गिरने से श्रमिकों की मौत की घटना दिल दहला देने वाली है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस घटना में मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की असामयिक मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गुजरात के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

विस्फोट में कई मजदूरों के अंग 50 मीटर दूर तक बिखर गये

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के अंग 50 मीटर दूर तक बिखर गये। फैक्टरी के पीछे खेत में भी कुछ मानव अंग मिले हैं। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में 5 से 6 घंटे लगे।

पटाखे बेचने का लाइसेंस था, बनाने का नहीं

इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि दीपक ट्रेडर्स नाम की यह पटाखा फैक्टरी खूबचंद सिंधी की है। वह इस फैक्टरी में विस्फोटक लाकर पटाखा बनवाते थे हालांकि अब तक की जांच में पता चला है कि कंपनी मालिक के पास केवल पटाखे बेचने का लाइसेंस है, बनाने का नहीं, इसलिए स्थानीय पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT