अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 
टॉप न्यूज़

हर परिवार को 200000 रुपये से ज्यादा का नुकसान...महंगाई और खर्च का बढ़ेगा बोझ

ट्रंप की सनक के आगे अमेरिकी भी बेबस नजर आ रहे हैं

Rohit Singh

नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सनक के आगे अमेरिकी भी बेबस नजर आ रहे हैं। दरअसल, ट्रंप की व्यापार नीतियों को लेकर एक नई रिपोर्ट आई है। यह रिपोर्ट येल यूनिवर्सिटी ने जारी की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप के टैरिफ लगाने से अमेरिकी लोगों को नुकसान होगा। भारत और साउथ कोरिया जैसे देशों पर भी इसका असर पड़ेगा।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के टैरिफ लगाने से अमेरिकी परिवारों का खर्च बढ़ेगा। इससे आर्थिक विकास भी धीमा हो जाएगा। ट्रंप ने भारत से आने वाले सामान पर 25% टैरिफ लगाया है। साथ ही, उन्होंने रूस से तेल, गैस और हथियार खरीदने वाले देशों पर भी कार्रवाई करने की धमकी दी है।

कितना होगा नुकसान?

येल यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप के टैरिफ की वजह से हर अमेरिकी परिवार को औसतन 2400 डॉलर (करीब 2.10 लाख रुपये) का नुकसान होगा। मनी कंट्रोल की खबर के अनुसार यह नुकसान इसलिए होगा क्योंकि रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ जाएंगी। टैरिफ लगने से महंगाई बढ़ेगी।

रिपोर्ट में यह भी माना गया है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस महंगाई को कम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाएगा। इसलिए, यह नुकसान महंगाई की वजह से होगा, न कि वेतन घटने से। येल के शोधकर्ताओं ने कहा कि ट्रंप के टैरिफ की वजह से प्रभावित उत्पादों पर औसतन 18.4% का टैरिफ लग गया है। अमेरिका में 1930 के दशक के बाद यह सबसे ज्यादा है।

कपड़े से लेकर जूते तक सब हो जाएंगे महंगे

ट्रंप की व्यापार नीति का सबसे ज्यादा असर कम आय वाले परिवारों पर पड़ेगा। अमीर परिवारों को भले ही ज्यादा डॉलर का नुकसान हो, लेकिन गरीब परिवारों को अपनी आय के अनुपात में ज्यादा नुकसान होगा।

टैरिफ लगने से रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ेंगी। खासकर उन चीजों की, जो गरीब परिवारों के लिए जरूरी हैं। येल की रिपोर्ट में कहा गया है कि चमड़े के सामान जैसे जूते और हैंडबैग की कीमतें 40% तक बढ़ सकती हैं। कपड़ों की कीमतें 38% तक बढ़ सकती हैं। टेक्सटाइल प्रोडक्ट की कीमतें 19% तक बढ़ सकती हैं।

SCROLL FOR NEXT