सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

एक सप्ताह बाद भी मर्चेंट नेवी कर्मी का सुराग नहीं, इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा परिवार !

Nidhi Gupta, Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : अटलांटिक महासागर की अनंत लहरों के बीच से अशोकनगर का एक मर्चेंट नेवी कर्मी रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया है। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी 45 वर्षीय श्रीकृष्ण सरकार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस अनहोनी से जहां एक ओर घर में मातम पसरा है, वहीं दूसरी ओर जहाज कंपनी की रहस्यमयी चुप्पी ने परिजनों की चिंता और बढ़ा दी है। हार मानकर अब परिजनों ने 'मर्चेंट नेवी कर्मचारी यूनियन' और प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।

जन्मदिन की खुशियां गम में बदलीं

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, श्रीकृष्ण यूरोप से अमेरिका जा रहे एक मालवाहक जहाज (Ship) पर कार्यरत थे। बीती 16 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपने बेटे का जन्मदिन मनाया था और पत्नी राखी सरकार से वादा किया था कि वे जल्द घर लौटेंगे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पिछले मंगलवार को कंपनी ने सूचना दी कि श्रीकृष्ण जहाज से लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि वे अनजाने में समुद्र में गिर गए होंगे, लेकिन इसके पीछे की असल वजह अब भी धुंधली है।

कंपनी की चुप्पी पर सवाल

श्रीकृष्ण के साले सोम सरकार ने बताया कि कंपनी केवल 'तलाशी जारी है' का रटा-रटाया जवाब दे रही है। परिजनों ने सच्चाई जानने के लिए जहाज के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की मांग की है, जिसे देने में कंपनी आनाकानी कर रही है। थक-हारकर परिजन सोमवार को कोलकाता के मौलाली स्थित यूनियन कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई। घर में दो छोटे बच्चों और पत्नी की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT