EPFO प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति  
टॉप न्यूज़

भविष्य निधि से किस्तों में निकासी पर कर नहीं : EPFO प्रमुख

बची राशि पर मिलता रहेगा PF वाला ब्याज

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा है कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) से किस्तों में निकाले जाने वाले पैसे पर कोई कर नहीं लगेगा। EPF खाते में बची हुई राशि पर वही ब्याज मिलेगा जो दूसरे अंशधारकों को PF पर सालाना मिलता है।

आयकर कानून में संशोधन का प्रस्ताव श्रम मंत्रालय को भेजा

कृष्णमूर्ति ने ने यहां एक ‘विशेष बातचीत’ में यह भी कहा कि नियमित किस्त निकासी योजना (SWP) को लागू करने के लिए EPF से जुड़े प्रावधान में संशोधन करने के साथ आयकर कानून में जरूरी संशोधन करने होंगे। EPFO ने यह प्रस्ताव श्रम मंत्रालय को भेज दिया है। श्रम मंत्रालय आयकर कानून में संशोधन से जुड़े प्रस्ताव को लेकर वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रस्ताव बजट पारित होने के बाद एक अप्रैल से लागू हो जायेगा।

नियमों में व्यापक बदलाव

गौरतलब है कि EPFO ने पिछले सप्ताह EPF निकासी के नियमों में व्यापक बदलावों को मंजूरी दी। इसके तहत सेवानिवृत्त होने वाले सदस्य अब अपनी PF की जमा राशि नियमित किस्तों में निकाल सकेंगे। साथ ही खाते में अनिवार्य न्यूनतम जमा राशि की सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत और पूरी राशि निकालने के लिए प्रतीक्षा अवधि 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दी गयी है।

SWP लाने का निर्णय लाने की वजह

प्रस्तावित योजना के बारे में कृष्णमूर्ति ने विस्तार सेबताया कि सेवानिवृत्ति के बाद लोगों को जब एक बार भविष्य निधि का पैसा मिलता है तो उन्हें यह पता नहीं होता कि पैसा कहां खर्च करना है, कहां जमा करना है। कुछ म्यूचुअल फंड में पैसा लगा देते हैं या FD कर लेते हैं या फिर गाड़ी ले लेते हैं और राशि खत्म हो जाती है। इससे आगे समस्याएं आती हैं। उसी को ध्यान में रखकर SWP लाने का निर्णय किया गया है। इससे आप नियमित आय प्राप्त कर सकते हैं और भविष्य निधि में पैसा भी सुरक्षित रहेगा जो आप जरूरत के समय कभी भी निकाल सकते हैं।

EPFO के आठ करोड़ अंशधारक

गौरतलब है कि EPFO के अंशधारकों की संख्या लगभग आठ करोड़ है। यह संगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी पेंशन योजना (EPS-95) और कर्मचारी निक्षेप संबद्ध बीमा योजना (EDLI) का संचालन करता है।

SCROLL FOR NEXT