टॉप न्यूज़

कल तक जमा होंगे एनरोलमेंट-रजिस्ट्रेशन फॉर्म

WBCHSE ने दी छात्रों को मोहलत

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के विद्यार्थियों के एनरोलमेंट व रजिस्ट्रेशन को लेकर महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। जिन संस्थानों ने उच्च माध्यमिक परीक्षा 2027 के सेमेस्टर-III के लिए एनरोलमेंट फॉर्म जमा नहीं किया है, वे आज से कल तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर दस्तावेज व शुल्क के साथ फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके आधार पर एडमिट कार्ड 10 सितंबर को पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। इसी तरह, शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा नहीं करने वाले संस्थान भी कल तक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे, जिसमें कक्षा 10 की मार्कशीट, फोटो और हस्ताक्षर जैसे दस्तावेज मांगे गए हैं।


7 सितंबर को पोर्टल पर अपलोड होंगे रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट

परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट 7 सितंबर को पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जबकि रजिस्ट्रेशन चेकलिस्ट में सुधार का अवसर कल तक खुला रहेगा। देर से फॉर्म जमा करने वाले संस्थानों के प्रमुखों को देरी का कारण बताते हुए स्पष्टीकरण भी देना होगा। कल के बाद एनरोलमेंट या रजिस्ट्रेशन संबंधी किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। परिषद की यह अधिसूचना 31 अगस्त को जारी की गई है, जिसके तहत सभी संबंधित संस्थानों को निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन करना अनिवार्य किया गया है।

SCROLL FOR NEXT