फाइल फोटो 
टॉप न्यूज़

बंगाल समेत 4 राज्यों में आज चुनाव की घोषणा

चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी करने के लिए शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

नई दिल्लीः आखिर वह घड़ी आ गयी जब इस साल होने वाले चार प्रमुख राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव की घोषणा होने वाली है। चुनाव आयोग ने आज दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में अपराह्न चार बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चार राज्यों-पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और केरल-तथा पुडुचेरी के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा करेंगे। इसपर सबकी नजरें हैं कि बंगाल और असम में कितने चरणों में चुनाव होता है।

इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।मतदाताओं की सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई हैं।

पिछले कई दिनों से चुनाव आयोग की फुल बेंच ने इन राज्यों में जाकर आला अधिकारियों से चुनाव तैयारियों की समीक्षा की थी। इस क्रम में पिछले हफ्ते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार समेत बाकी दो चुनाव आयुक्त भी पश्चिम बंगाल में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए कोलकाता आये थे। यहां दो दिनों तक उन्होंने विभिन्न चरणों पर अधिकारियों के साथ ही राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की थी।

एक दिन पहले ही शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता आये थे जहां उन्होंने एक सरकारी कार्यक्रम में 18 हजार करोड़ से अधिक राशि की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। इसके साथ ही उन्होंने कोलकाता के प्रमुख ब्रिगेड मैदान में एक राजनीतिक सभा भी की थी। मोदी ने कोलकाता आने से पहले असम में भी कुछ ऐसा ही किया था। इससे यह अनुमान लगाया गया था कि मोदी की सभा के दूसरे दिन ही चुनावों की घोषणा हो सकती है जो अब सच होती दिख रही है।

बहरहाल आज जिन चार प्रमुख राज्यों में चुनावों की घोषणा होने जा रही है, उनमें से असम को छोड़ कर बाकी राज्यों में विपक्षी दलों का शासन है। इसलिए ये चुनाव भाजपा के साथ ही इन विपक्षी दलों के लिए भी काफी महत्वपूर्ण हैं। भाजपा जहां असम में लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने के प्रयास में हैं, वहीं पश्चिम बंगाल में सत्ता हथियाने के लिए जीतोड़ कोशिश करने जा रही है लेकिन उसका मुकाबला ममता बनर्जी जैसी राजनीतिक शख्सियत से है जो लगातार चौथी बार चुनाव जीतने के लिए डटकर मुकाबला कर रही हैं। वहीं तमिलनाडु में भाजपा ने द्रमुक को सत्ता से हटाने के लिए एआईडीएमके से हाथ मिलाया है। हालांकि केरल में भी भाजपा की कोशिश अच्छा करने की है लेकिन वहां मुकाबला वामपार्टियों के गठबंधन के साथ कांग्रेस से है।

SCROLL FOR NEXT