निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव: उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव स्थित जशोर रोड पर एक निजी नर्सिंग होम में वृद्धा की मौत को लेकर बुधवार को जमकर बवाल हुआ। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।
मृतका की पहचान बनगांव के ठाकुरपल्ली निवासी सुचित्रा विश्वास के रूप में हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, 12 फरवरी को पैर की एड़ी टूटने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 16 फरवरी को डॉ. अम्लान दे द्वारा उनका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का दावा है कि ऑपरेशन के बाद सुचित्रा की स्थिति सामान्य थी, लेकिन अगले दिन जब परिवार के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे, तो उन्हें वार्ड में जाने से रोक दिया गया।
मृतका की बेटी ने आरोप लगाया कि जब वह जबरन वार्ड के अंदर पहुंची, तो उनकी मां अपने निर्धारित बेड पर नहीं थीं। इसके कुछ ही समय बाद अस्पताल प्रशासन ने उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी। परिजनों का सबसे गंभीर आरोप यह है कि अस्पताल ने मामले को रफा-दफा करने के लिए डेढ़ लाख रुपये के मुआवजे की पेशकश की और पुलिस शिकायत न करने का दबाव बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही बनगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अस्पताल के रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।